Daily News
यूक्रेन और रूस के बीच 24 फरवरी को शुरू हुई जंग को 13 दिन बीत चुके हैं। आज इस युद्ध के 14वें दिन रूसी सेना के कब्जे की वजह से चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट का यूक्रेन के पॉवर ग्रिड से संपर्क टूट गया है। यूक्रेन का कहना है कि रिजर्व डीजल जेनरेटर्स केवल 48 घंटे तक ही प्लांट को बिजली सप्लाई दे सकती है। इसके बाद प्लांट के कूलिंग सिस्टम के लिए बिजली नहीं मिलेगी और रेडिएशन होने लगेगा।
वहीं, प्लांट के ऑपरेटर ने कहा है कि रिपेयरिंग न होने से पूरे देश में रेडिएशन लीक होने का खतरा पैदा हो गया है। प्लांट रिपेयर करने के लिए यूक्रेन ने सीजफायर की मांग की है।
रूस ने कहा- यूक्रेन के साथ बातचीत में ‘कुछ प्रगति’ हो रही है, लेकिन रूस यूक्रेन सरकार को ‘हटाने’ की कोशिश नहीं कर रहा है। इससे पहले राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन अब NATO की सदस्यता नहीं लेगा।
इस बीच पड़ोसी देशों में रिफ्यूजी संकट बढ़ गया है। UN के मुताबिक 20 लाख लोगों ने यूक्रेन छोड़ दिया है। वहीं, लोगों को ब्रिटेन जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हंगरी के पीएम ओरबान से फोन पर बात की। उन्होंने यूक्रेन से भारतीयों को निकालने में मदद के लिए उनका आभार माना
जंग के अहम अपडेट्स-
- 1- कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने जेलेंस्की को कनाडा की संसद को संबोधित करने के लिए न्योता दिया है।
- 2- EU ने रूस और बेलारूस पर सख्त प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
- 3- कीव, खार्किव, सुमी, मारियुपोल, चेर्नीहीव शहरों में युद्ध विराम रहेगा।
- 4- पूर्वी यूक्रेन के सेवेरोडोनेस्टक में गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई है।
- 5- अमेरिका ने दावा किया है कि रूसी सैनिक यूक्रेन के बायोलॉजिकल रिसर्च फैसिलिटी पर कब्जा करना चाहते हैं।
- 6- फ्रांस चाहता है कि भारत UNSC में रूस पर और दबाव बनाने में भूमिका निभाए।
- 7- बाइडेन ने कहा- पुतिन एक शहर लेने में सक्षम हो सकते हैं, लेकिन वह कभी भी देश पर कब्जा नहीं कर पाएंगे।
- 8- अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने कहा- चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट से रिमोट डेटा ट्रांसमिशन खो गया है। अब यह प्लांट IAEA को डेटा ट्रांसफर नहीं कर पा रहा है।
- 9- UN ने कहा- जंग में अब तक 474 लोगों की मौत हो गई है और 861 लोग घायल हैं।
- 10- अमेरिका ने रूस से तेल और गैस की आपूर्ति रोक दी है। इस वजह से अमेरिका में गैस के दाम काफी बढ़ गए हैं।
- 11- EU ने यूक्रेन को 50 करोड़ डॉलर की मानवीय सहायता देने की घोषणा की है।
- 12- ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि रूस, नागरिकों को निकालने के लिए इरपिन में बनाए गए इवैक्यूएशन कॉरिडोर को निशाना बना रहा है।
- 13- पुतिन ने विदेश व्यापार में रूस की सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक आदेश (डिक्री) पर साइन किया है। इससे सरकार देश से एक्सपोर्ट और विदेशों से इम्पोर्ट पर प्रतिबंध लगा सकेगी।
- और पढ़े https://www.starnewshindi.com/2022/03/russian-plains-ne-raat-bhar-ki-firing.html